Home अपना शहर जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नारायन ने कलेक्टर कार्यालय में दिलाई मतदाता शपथ

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नारायन ने कलेक्टर कार्यालय में दिलाई मतदाता शपथ

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अधिकारियों, कर्मचारियों ने ली मतदाता शपथ

छिन्दवाड़ा-16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा मतदाता शपथ ली गई। कलेक्टर कार्यालय परिसर में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हरेंद्र नारायन ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता शपथ दिलाई।

  सभी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा, ' देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने ' की शपथ ली गई।

  उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष 24 एवं 25 जनवरी 2026 को शासकीय अवकाश होने के कारण मतदाता शपथ कार्यक्रम का आयोजन शासन के निर्देशानुसार पूर्व में ही 23 जनवरी को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर मतदान करने तथा अन्य नागरिकों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करने का संदेश देना है।

  इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्री आर.के. मेहरा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पी. राजोदिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।